कोल्ड-चेन, प्रोसेसिंग और निर्यात पर जोर; निवेशकों के लिए BHDS बनेगा एकीकृत निष्पादन तंत्र
पटना के कृषि भवन स्थित सभागार में बिहार हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट सोसाइटी (BHDS) और बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (NHB) के क्लस्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम (CDP) के अंतर्गत निवेशकों, एग्री-प्रेन्योर एवं कृषि-उद्यम फर्मों के लिए एक महत्वपूर्ण उन्मुखीकरण-सह-जागरूकता एवं निवेशक ऊर्जा-संचार कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बिहार के बहु-फसल आधारित बागवानी क्लस्टरों, जिनमें आम, लीची, केला और मखाना शामिल हैं, में मूल्य-वर्धन (Value Addition) पर जोर देना था। विशेष रूप से पैक-हाउस, प्री-कूलिंग, कोल्ड-चेन, प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स, ब्रांडिंग एवं निर्यात से जुड़ी निवेश संभावनाओं की जानकारी निवेशकों को उपलब्ध कराई गई।
कृषि मंत्री राम कृपाल यादव की दूरदर्शी सोच पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि NHB-CDP के प्रभावी क्रियान्वयन से बिहार की प्रचुर कृषि-उत्पादन क्षमता को ठोस आर्थिक मूल्य में रूपांतरित किया जाएगा। उनके अनुसार, कोल्ड-चेन, भंडारण तथा प्रोसेसिंग अवसंरचना में निवेश से न केवल कृषि उपज का अपव्यय उल्लेखनीय रूप से कम होगा, बल्कि किसानों को उनकी उपज का उचित एवं बेहतर मूल्य भी प्राप्त होगा। साथ ही, राज्य के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
आपको बता दें कि राज्य सरकार नकदी फसलों के प्रोत्साहन, मूल्य-वर्धन आधारित निवेश, मधु-क्रांति और प्रस्तावित बिहार कोल्ड-चेन आधारभूत संरचना नीति के माध्यम से राज्य में निवेश-अनुकूल वातावरण को सुदृढ़ कर रही है। राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की पहलें भी किसानों एवं कृषि-आधारित उद्यमों के लिए नए अवसर सृजित कर रही हैं।
प्रधान सचिव, कृषि विभाग, नर्मदेश्वर लाल ने इस बात पर जोर दिया कि बिहार हॉर्टिकल्चर डेवलपमेंट सोसाइटी (BHDS) को निवेश प्रस्तावों के लिए एक सुदृढ़, एकीकृत एवं समयबद्ध निष्पादन तंत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि FPO-आधारित समेकन, गुणवत्ता आश्वासन हेतु सशक्त ट्रेसबिलिटी व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी अभिसरण के माध्यम से परियोजनाओं को पारदर्शी, बैंक-योग्य और निवेशकों के लिए विश्वसनीय बनाया जाएगा। इससे बिहार बागवानी एवं कृषि-आधारित निवेश का एक अग्रणी और आकर्षक केंद्र बनकर उभरेगा। उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारीगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इच्छुक निवेशक BHDS के माध्यम से अपने निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकते हैं।