Logo

AgriPress

Dedicated to Farmers

© 2026 AgriPress. All rights reserved.

Made with ❤️ by Abhishek Kumar

बागवानी

किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा, पटना में तीन दिवसीय बागवानी महोत्सव

AgriPress Staff AgriPress Staff
Updated 6 February, 2026 9:32 AM IST
किसानों की आय बढ़ाने और रोजगार सृजन को मिलेगा बढ़ावा, पटना में तीन दिवसीय बागवानी महोत्सव

बिहार में बागवानी क्षेत्र को नई ऊँचाइयों पर ले जाने और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, बिहार सरकार का उद्यान निदेशालय, कृषि विभाग, 06 से 08 फरवरी, 2026 तक ऐतिहासिक गांधी मैदान, पटना में भव्य 'बागवानी महोत्सव-2026' का आयोजन कर रहा है। कृषि मंत्री श्री राम कृपाल यादव ने आज इस महत्वपूर्ण आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का विधिवत उद्घाटन 06 फरवरी, 2026 को किया जाएगा, जो राज्य के किसानों, उद्यमियों, युवाओं और कृषि-स्टार्टअप्स के लिए बागवानी की नवीनतम तकनीकों, उन्नत पौधों/किस्मों, फल-सब्जी उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़ी बहुमूल्य जानकारियों का एक विशाल मंच सिद्ध होगा।


श्री यादव ने जोर देकर कहा कि बागवानी बिहार की आय-सुरक्षा और रोजगार-सृजन की रीढ़ है। फल, सब्जी, फूल, मसाला, मखाना, औषधीय/सुगंधित पौधे, मशरूम और मधुमक्खी पालन जैसे क्षेत्रों में छोटी-छोटी इकाइयाँ भी बड़े अवसर पैदा करती हैं। 'बागवानी महोत्सव-2026' का मुख्य उद्देश्य किसानों की आमदनी में वृद्धि करना, महिलाओं और युवाओं के लिए उद्यम के नए अवसर सृजित करना और तकनीक व बाजार को एक ही छत के नीचे लाकर बागवानी क्षेत्र को सशक्त बनाना है।


इस तीन दिवसीय महोत्सव में राज्य के विभिन्न जिलों से लाए गए गुणवत्तापूर्ण बागवानी उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, किसानों को विशेषज्ञों से सीधे तकनीकी परामर्श प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। सफल किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और स्वयं सहायता समूहों (SHG) की प्रेरक कहानियाँ साझा की जाएंगी, जो अन्य किसानों को प्रेरित करेंगी। नवाचार-स्टॉल भी लगाए जाएंगे जहाँ बागवानी क्षेत्र में नवीनतम नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। आगंतुकों के मनोरंजन और जानकारी के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।


महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार विजेता को 5,000/- रुपये, द्वितीय पुरस्कार विजेता को 4,000/- रुपये और तृतीय पुरस्कार विजेता को 3,000/- रुपये नकद राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।


Sponsored Content

उद्यान निदेशालय ने सभी किसान भाई-बहनों, महिला समूहों, उद्यमियों और बागवानी प्रेमियों से हार्दिक अपील की है कि वे 06 से 08 फरवरी, 2026 तक गांधी मैदान, पटना में अवश्य पधारें। उनसे अनुरोध किया गया है कि वे रंग-बिरंगे फल-फूल-सब्जियों से सजे स्टॉल देखें, विशेषज्ञों से सीधे सलाह लें और बागवानी को 'कृषि से समृद्धि' की दिशा में एक तेज़ कदम बनाने में अपना योगदान दें।


इस अवसर पर, कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने अपना संदेश देते हुए कहा, 'बिहार का किसान अपनी मेहनत से मिट्टी को सोना बनाता है। अब समय आ गया है कि उसी मेहनत को सही तकनीक, सिंचाई, गुणवत्तापूर्ण पौध, प्रसंस्करण और बाजार का मजबूत सहारा मिले। 'बागवानी महोत्सव-2026' हर किसान परिवार के लिए सीखने, जुड़ने और आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर है


जहाँ खेती केवल उत्पादन नहीं, बल्कि रोजगार और उद्यम का साधन बनेगी। मैं सभी किसान भाई-बहनों, खासकर हमारी महिलाओं और युवाओं से आग्रह करता हूँ कि वे इस महोत्सव में आकर नई तकनीकें अपनाएँ, अपने उत्पादों को बेहतर मूल्य दिलाएँ और बिहार को बागवानी-आधारित समृद्धि की नई ऊँचाई पर ले जाएँ।' यह महोत्सव निश्चित रूप से बिहार के बागवानी क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा और राज्य को कृषि विकास के पथ पर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Sponsored Content
Ad
PopUp Ad