गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (जेम) बिहार के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSMEs) को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। आगामी 16 जनवरी 2026 को पटना के दशरथ मांझी श्रम कौशल विकास केंद्र में ‘जेम एक्सीलेंस इवेंट’ आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि जेम केंद्र और राज्य सरकारों, सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्त संस्थाओं के लिए एकीकृत डिजिटल सार्वजनिक खरीद मंच है, जिसका मुख्य आधार पारदर्शिता, दक्षता और समावेशन है। वर्तमान में, जेम पर देशभर में 24 लाख से अधिक विक्रेता पंजीकृत हैं, जिनमें से अकेले बिहार राज्य से ही 54 हजार से अधिक विक्रेता सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। यह मंच सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को सीधे सरकारी खरीदारों से जोड़कर उनकी बाजार पहुंच को सुनिश्चित करता है।
जेम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिहिर कुमार ने इस कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जेम केवल एक डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म नहीं है, बल्कि यह सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेम का प्राथमिक उद्देश्य बिहार राज्य के उद्यमियों को पारदर्शी और समान अवसरों के माध्यम से राष्ट्रीय सार्वजनिक खरीद व्यवस्था से जोड़ना है, ताकि स्थानीय उद्यम देश के आर्थिक विकास में सक्रिय भागीदार बन सकें।
जेम एक्सिलेंस इवेंट के हिस्से के तौर पर, दोपहर 3 बजे एक विशेष 'जेम सेलर संवाद' का आयोजन भी किया जाएगा। इस संवाद में मिहिर कुमार सहित जेम के वरिष्ठ अधिकारी सीधे बिहार के विक्रेताओं से बातचीत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान जेम की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी, साथ ही बिहार के उत्कृष्ट विक्रेताओं को सम्मानित किया जाएगा। नए और इच्छुक विक्रेताओं के पंजीकरण के लिए मौके पर ही विशेष काउंटर की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस इवेंट में सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के साथ-साथ महिला उद्यमी, SC/ST उद्यमी, स्टार्टअप, कारीगर और बुनकर भी भाग ले सकते हैं। यह कार्यक्रम स्थानीय उद्यमियों को सशक्त बनाने और राष्ट्रीय सार्वजनिक खरीद प्रणाली से जोड़ने की दिशा में जेम की एक महत्वपूर्ण पहल है।